September 2024

प्रकाश न्यूज़ ऑफ़ इंडिया, सुलतानपुर
रिपोर्ट: गौरव तिवारी 
Date: 27-09-2024, Last Upated: 05:13 PM 

दोस्तपुर में मंजूषा नदी पर बना शाहीपुल

सुल्तानपुर: जिले की सबसे बड़ी नगर पंचायत दोस्तपुर की पहचान प्राचीन शाहीपुल उपेक्षा एवं दुर्दशा का शिकार है। मुगलकाल का बताया जाने वाला यह पुल समय के साथ जर्जर हो गया है। सुल्तानपुर को अंबेडकरनगर जनपद से जोड़ने वाले पुल की एप्रोच वॉल टूटने से गत वर्षों से भारी वाहनों का प्रवेश इस पर वर्जित कर दिया गया, हालाँकि फिर भी चोरी छुपे कुछ बड़े वाहन अभी भी इस पुल से गुजर रहे हैँ। पुल काफी पुराना और जर्जर भी हो चुका है, ऐसे में ये किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है | क्षेत्रीय लोगों ने इस प्राचीन पुल के जीर्णोद्धार न किये जाने पे रोष प्रकट किया है। 

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल 600 साल से ज्यादा पुराना है। कई वर्ष पहले एक कंपनी ने किनारे से खोदकर केबिल डाला था, जिसके बाद किनारों को सही तरीके से ढका नहीं गया। विगत वर्ष बारिश का पानी दीवारों में जाने से दबाव बढ़ गया, जिससे मिट्टी बह गई और पुल का किनारा गिर गया था। इसी मार्ग से इलाहाबाद, टांडा, बस्ती, गोरखपुर व फैजाबाद की बसें गुजरती हैं | वहीं कादीपुर विधानसभा  एवं उसके आसपास की जनता इसी पुल के माध्यम से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक पहुँचती है|  

पुल पर सफेद रंग की पट्टी में लगा फारसी भाषा का शिलापट पुल के निर्माण और मरम्मत की जानकारी देता है। शिलालेख के मुताबिक शाही पुल की एक बार मरम्मत मुगल तालुकेदार अली आगा खां ने 1270 हिजरी में कराई थी। तब से मरम्मत के अभाव में पुल कमजोर होता गया। पुल में लखौडी ईंट का प्रयोग किया गया है। इसकी जुड़ाई का कार्य भी विशेष प्रकार के मसाले से किया गया है। यह पुल जौनपुर के शाही पुल की तरह बनाया गया है। इस पुल के नीचे कोठरियां बनाई गई थीं, जहां बरसात के समय लोग रुक भी सकते थे और पानी निकासी की भी व्यवस्था थी। धीरे-धीरे अतिक्रमणकारियों ने पुल को क्षति पहुंचाई। साफ-सफाई व देखरेख के अभाव में ऐतिहासिक पुल दुर्दशा का शिकार हो गया। यह पुल सुल्तानपुर और अम्बेडकरनगर की सीमा पर होने के कारण हमेशा सीमा विवाद में उलझा रहता है| इसी कारण से दोनों ही जिले के लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैँ और इस पुल की मरम्मत नहीं हो पा रही | पुल के ऊपर सड़क  पूरी तरह से टूट चुकी है बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैँ | पुल के नीचे कोठारियां बनी हैँ, जिनपे अतिक्रमण हो चुका है और गन्दगी का अम्बार है | 

गत वर्ष जब पुल की दीवार टूट कर बह गयी थी तब तत्कालीन अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने कहा था कि जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गयी है, अब एकमात्र विकल्प नए पुल का निर्माण है, इस बाबत सेतु निगम को भी प्रस्ताव भेजा गया है | उसके बाद सारी बातें हवा साबित हुई, और आज तक कोई इसकी सुध लेने नहीं आया | ऐसे में देखना है कब सीमा विवाद से निकलकर प्रशासन इसकी सुध लेता है |




सुल्तानपुर: जिले की जयसिंहपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजप्रसाद उपाध्याय  उर्फ राजबाबू को विधानसभा अध्यक्ष की स्वीकृति से पंचायती राज समिति का सदस्य मनोनीत किया गया। राजप्रसाद उपाध्याय ने प्रकाश न्यूज़ ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा कि वह पंचायती राज विभाग को पारदर्शी, मजबूत एवं संगठित करने में अपनी भूमिका का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे! साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष एवं संसदीय कार्यमंत्री का हृदय से आभार प्रकट किया। सदर विधायक ने अपनी इस उपलब्धि के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं व शुभचिन्तकों का भी आभार प्रकट किया।

विधायक के पंचायती राज समिति के सदस्य मनोनीत किये जाने से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच खुशी का माहौल है।


साफ-सफाई और रोशनी का होगा पूरा इंतजाम, गोताखोर भी रहेंगे मौजूद।

सुल्तानपुर: जिला प्रशासन आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। अभी दो दिन पूर्व प्रशासन ने पूजा समितियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री से प्राप्त निर्देशों ने अवगत कराया। इसी क्रम में बुधवार दोपहर में एसडीएम उत्तम तिवारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस विनय गौतम, अधिशाषी अधिकारी सचिन कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी पंडित त्रिपाठी ने पूजा समितियों के पदाधिकारीयों के साथ दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के बाद होने वाले विसर्जन को लेकर मूर्ति विसर्जन स्थल शाहीपुल के पास मौजूद पोखरे का निरीक्षण किया! एसडीम ने विसर्जन स्थल की साफ सफाई के साथ-साथ पानी की समुचित व्यवस्था, रोशनी के लिए पर्याप्त हाई मार्क्स लाइट एवं गोताखोर भी तैनात करने का निर्देश दिया !



ऐसी कार्यवाही करेंगे जिससे भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो।- थानाप्रभारी पंडित त्रिपाठी

सुल्तानपुर: दोस्तपुर थाना अंतर्गत कामतागंज बाजार में बस से एक स्कूली छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे जाम कर दिया था। उसके बाद पथराव भी हुआ, जिसमें काफी लोग चोटिल हुए और दर्जनों गाड़ियाँ तोड़ी गयी।

जाम किये जाने के बाद हुए पथराव से अफरातफरी की स्थिति बनी रही | मरीज ले जा रही एम्बुलेंस जाम में फंसी रही | वहीँ आज़मगढ़ के अतरौलिया ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव के काफिले पे पथराव हुआ, पथराव में ब्लॉक प्रमुख की गाड़ी भी तोड़ दी गयी | प्रमुख के साथी राम सागर यादव ने पथराव करने वालों के खिलाफ तहरीर दी | पथराव से बचने के लिए वाहन चालक इधर उधर भागते नजर आये | फिलहाल इस तरीके से एक्सप्रेसवे जाम किये जाने की घटना से पुलिस सतर्कता पे भी सवाल खड़े किये थे। घटना के बाद मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। उपद्रवियों को मौके पर बनाये गये वीडियो के आधार पर चिन्हित करके 63 नामजद एवं 60-70 अज्ञात के विरुद्ध जाम लगाना, मारपीट करना, पत्थरबाजी करना, सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करना, सरकारी संपत्ति की क्षति करना, जान से मारने की धमकी देना आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, पुलिस के मुताबिक अब तक 12 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है।





सुल्तानपुर: जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव के पास एक घने बाग की झाड़ियों में बुधवार की देर शाम पेड़ में फंदे से लटकता एक युवक का शव बरामद हुआ। शव की पहचान 22 वर्षीय शिवम उर्फ राजा घुरिया निवासी धरमपुर रमेश कुमार धुरिया के रूप में हुई। मृतक युवक एक दिन पूर्व दिन में करीब बारह बजे गायब था, वह घर से यह कह कर निकला था कि अभी थोड़ी देर में वापस आ रहा हूं। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी पंडित त्रिपाठी ने बताया कि स्वजनों के अनुसार शिवम उर्फ राजा घुरिया गत 24 सितंबर से ही घर से लापता था। वह घर से थोड़ी देर में वापस लौट रहा हूं यह कहके निकला, उसके बाद उससे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाया। घर नहीं आने पर स्वजनों ने दूसरे दिन आसपास के गांव में उसकी खोजबीन की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला। इसी बीच बुधवार को बाग में स्थित झाड़ियों में बकरी के लिए पत्ते काट रही कुछ महिला चरवाहों ने शिवम का शव एक पेड़ में फंदे से लटका हुआ देखा तो हल्ला गुहार किया। जिसके बाद ग्रामीणों इकट्ठा हो गये। खबर मिलते ही परिजन भी बदहवास दौड़ते हुए वहां पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।  मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा तैयार कर स्वजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इस घटना की गंभीरता से हत्या या आत्महत्या सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

परिजन जता रहे हत्या की आशंका

मामले में परिजन युवक की हत्या किए जाने की आशंका जाता रहे हैं युवक कल सिर्फ इतना कहकर मां से निकाला था कि अभी वापस आ रहा हूं युवक माता-पिता की दो संतानों में इकलौता पुत्र था उसकी बहन अंकिता का रो-रो कर बुरा हाल है।


उपद्रवी बक्शे नहीं जाएंगे- अपर पुलिस अधीक्षक

विद्यालय के विरुद्ध भी होगी कार्यवाही- सीओ कादीपुर

सुल्तानपुर: जिले के नेमपुर-दोस्तपुर मार्ग पर एक निजी बस ने साइकिल सवार छात्र को रौंद दिया। छात्र की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी | घटना से नाराज ग्रामीणों ने पहले तो चालक को पीटा उसके बाद बंधक बनाकर बस में तोड़फोड़ के साथ पथराव भी किया।

घटना मंगलवार सुबह की है, जब पसियापारा गांव का बारह वर्षीय छात्र लवकुश साइकिल से रामदेव सिंह इंटर कॉलेज पढ़ने जा रहा था, इसी बीच कामतागंज बाजार के बाद यह दुर्घटना हो गयी | हादसे के बाद छात्र के पर‍िजनों और ग्रामीणों ने रोड पर शव रखकर जाम लगा द‍िया। उधर, दुर्घटना की जानकारी मिलने पर भारी संख्‍या में कालेज के छात्र भी मौके पर पहुंच गए और भड़क उठे। उन्होंने बास-बल्ली, कटीले तार, पत्थर आदि रखकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जाम कर दिया। घटना की सूचना पाते ही आस पास के ग्रामीणों का भी साथ छात्रों को मिलता गया और प्रदर्शन उग्र हो गया। एक्सप्रेसवे पर दूर-दूर तक वाहनों की लम्बी कतार लग गई है।


पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उन्हे समझाने में जुटे | गुस्साए छात्र, उन्हें समझाने आए पुलिस व प्रशासनिक अमले पर भी पथराव करने लगे। करीब दो घंटे तक पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर आवागमन ठप रहा। काफी देर तक मान-मन्नौवल चला एसडीएम उत्तम तिवारी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही | उसके बाद परिजन शव के पोस्टमार्टम को तैयार हुए | वहीँ छात्रों द्वारा की गयी पत्थरबाजी में कुछ व्यक्ति चोटिल भी हुए | जाम को खुलवाने एवं भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा | मृतक छात्र के पिता रामदीन की मौत बीमारी से छह माह पहले हो चुकी है। बड़ा भाई अभिषेक है। मां नीतू का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर SDM उत्तम तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, सीओ कादीपुर  विनय गौतम, सीओ जयसिंघपुर प्रशांत सिंह मौके पर पहुंचे | घटनास्थल पर कई थाने की पुलिस भी मौजूद रही | अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के वीडियो के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर कार्यवाही की जा रही है | सीओ विनय गौतम ने कहा कि विद्यालय के विरुद्ध भी पुलिस एवं उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट भेजकर मान्यता रद्द करवाने की कार्यवाही करवाई जाएगी |

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे दो घंटे रहा जाम, पथराव अराजकता से मची अफरातफरी |

मरीज ले जा रही एम्बुलेंस फंसी तो ब्लॉक प्रमुख की गाड़ी टूटी

सुल्तानपुर: बस से कुचलकर छात्र की मृत्यु की बाद इंटर कॉलेज के छात्रों एवं ग्रामीणों द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाम किये जाने के बाद हुए पथराव से अफरातफरी की स्थिति बनी रही | मरीज ले जा रही एम्बुलेंस जाम में फंसी रही | वहीँ आज़मगढ़ के अतरौलिया ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव के काफिले पे पथराव हुआ, पथराव में ब्लॉक प्रमुख की गाड़ी भी तोड़ दी गयी | प्रमुख के साथी राम सागर यादव ने पथराव करने वालों के खिलाफ तहरीर दी | पथराव से बचने के लिए वाहन चालक इधर उधर भागते नजर आये | फिलहाल इस तरीके से एक्सप्रेसवे जाम किये जाने की घटना से पुलिस सतर्कता पे भी सवाल खड़े हुए हैं |


अखिल भारतीय संत  सनातन   सेवा  संस्थान के  अध्यक्ष  डाक्टर  लक्ष्मी नारायण  मालवीय  ने  आज  देश  के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आपके यशस्वी नेतृत्व में देश 'विकसित भारत' के संकल्प की सिद्धि और वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। 

उन्होंने  कहा कि  140 करोड़ देश वासियों के जीवन को सुखमय बनाने के लिए अविराम साधनारत, विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के स्वप्न दृष्टा, हम सभी के मार्गदर्शक, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी जी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई!
 
नेशन फर्स्ट  की पावन भावना से ओतप्रोत, अंत्योदय के प्रण और 'विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य की सिद्धि को समर्पित आपके जीवन का हर क्षण हमारे लिए प्रेरणा है।

आपके अभिभावकत्व में वंचित को वरीयता प्राप्त हुई है। देश आज दुनिया का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में गतिशील है। हमारा लोकतंत्र दिनानुदिन मजबूत हो रहा है।

आप सच्चे अर्थों में भारत के 'अमृतकाल के सारथी' हैं। 

प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य तथा सुदीर्घ जीवन की प्राप्ति हो और हम सभी को सदैव आपका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।

बर्तन धो रही महिला को किया लहूलुहान, दूसरी घटना में 8 भेड़ों की ली जान।


सुल्तानपुर: प्रदेश में कई जिलों में जंगली सियार/भेड़िया के आतंक के खबरें लगातार आ रही हैं | सुल्तानपुर जिले के भी कुछ क्षेत्रों में सियार/भेड़िया के हमले की खबरें मिलने लगी हैं | पिछले दिनों ने अखंडनगर के नगरी में जहाँ सिचाई कर रहे किसान को सियार ने हमले से घायल किया वही मोतिगरपुर क्षेत्र में भी भेड़िये का आतंक बरक़रार है, यहाँ सियार के हमले लगातार होते ही जा रहे हैं बीती शाम घर के बाहर बर्तन धो रही महिला पर सियार ने हमला बोल दिया जिससे वो घायल हो गयी  दूसरे गाँव में दो अन्य किशोर भी सियार के हमले से लहूलुहान हुए | वन विभाग के कर्मचारी मामले की जांच पड़ताल में लगे हुए हैं | 


करौदीकलां: आदमखोर का आतंक,8 भेड़ों की ली जान।

सूचना पाते ही फॉरेस्ट रेंजर ने घटनास्थल का लिया जायजा।

दूसरी तरफ करौदीकलां थानाक्षेत्र के मूसेपुर गांव में बड़ी घटना हुई, बीती रात बाग़ में बँधी भेंड़ों पर जंगली जानवर ने हमला बोल कर आठ को मौत के घाट उतार दिया। पशुपालक दूधनाथ पाल, सभालाल पाल, हीरालाल पाल ने बताया कि बीती रात भेंड़ों को घर से कुछ दूर बाग़ में बांधा गया था, रात तकरीबन 12 बजे के आसपास कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर नींद खुली, मौके पर जाकर देखा तो से आठ जानवर गायब थे, कुछ दूरी पर देखा गया कि जानवरों की जंगली जानवर के हमले से बुरी तरह से मौत हो गई थी। घटना सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन हमलावर जानवर के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी । पशुपालकों की सूचना पर सुबह घटनास्थल पर पहुंचे फॉरेस्ट रेंजर डीके श्रीवास्तव, पशु चिकित्साधिकारी डॉ० योगेश पाण्डेय ने निरीक्षण कर मृत शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक रिपोर्ट आने के बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ० योगेश पाण्डेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार भेड़ों की मृत्यु का कारण किसी जंगली जानवर का हमला है |

गाजियाबाद: जिले में अतिक्रमण को लेकर बड़े स्तर पर  प्रशासनिक कार्यवाही का सिलसिला जारी है। हाल ही सुप्रीम कोर्ट ने यूपी की योगी सरकार के बुलडोजर कारवाही पर टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का आशय ये रहा है कि अनावश्यक रूप से किसी का घर न तोड़ा जाए। आरोप है कि गाजियाबद जिले के एक मामले में पीड़ित के घर को गलत तरीके से गिराया गया जबकि उसी घर के बाएं- दाहिने एवं पीछे की तरफ़ के घर को प्रशासन नें किसी भी तरह से डिस्टर्ब नहीं किया।

पीड़ित का आरोप है  कि किसी छुपी हुई मंशा के तहत अवैध तरीके से व्यक्तिगत लाभ लेने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

मामला जिले के वसुंधरा सेक्टर 4 के प्रज्ञा कुंज का है। आरोप है कि यहाँ जिस तरीके से 3 मंजिल इमारत को पल भर में ही जमीदोंज कर दिया गया एवं अगल-बगल एवं पीछे के मकानों पर कोई आंच नहीं आयी शायद इसके पीछे अधिकारियों की कोई गलत नज़रिया जरूर रहा होगा।

वहीं घर टूटने के बाद पीड़ित परिवार बेघर हो गया है। सवाल ये है कि अगर ये मकान अवैध है तो सरकार एवं उसके आला अधिकारी तब कहाँ थे जब इस मकान का निर्माण हो रहा था? सवाल ये भी है कि इस मकान का नक्शा किसने पास किया? पीड़ित के दरवाजे तक रोड किसने बनाया? पीड़ित को बिजली का कनेक्शन कैसे मिल गया? इस जगह की रजिस्ट्री कैसे हुई?


अगर पीड़ित का घर अवैध जगह पर बना था तो उसको तो उसके कर्मों की सजा तो मिल गयी? पीड़ित बेघर हो गया। लेकिन रजिस्ट्री करवाने, नक्शा पास करने, बिजली का कनेक्शन करवाने एवं रोड बनाने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही कब होगी। अगर ये अवैध निर्माण था तो निश्चित रूप से उन अधिकारियों पर कार्यवाही जरूर होनी चाहिए।



सुलतानपुर: जिले के कुड़वार ब्लॉक अंतर्गत मुडुवा ग्रामसभा के पूरे बाबू मिश्र स्थित 'अगवानवीर बाबा' धाम पर कल यानी शुक्रवार 6 सितंबर को वार्षिक भंडारे का आयोजन होगा। ये वार्षिक भंडारा हर साल सभी ग्रामवासियों एवं भक्तजनों के सहयोग से किया जाता है।


पूरे बाबू मिश्र स्थित इस बाबा धाम पर हजारों लोगों की श्रद्धा है एवं विश्वास है। ग्रामवासी शादी- विवाह, तीज-त्योहार एवं अन्य शुभ अवसरों 'अगवान बाबा' का सुमिरन करके ही शुभ शुरुआत करते है। ग्रामवासियों की श्रद्धा ही है जो ये भंडारा कई सालों से अनवरत जारी है।


ग्रामवासी बताते हैं कि गांव के ही 'मोती लाल नाई' के सहयोग से सर्वप्रथम इस स्थान पर जन्माष्टमी के अवसर पर 'श्रीकृष्ण लीला' हुई थी। जिसके बाद ग्रामवासियों के सहयोग से भंडारे का आयोजन हुआ। तभी से इस सिलसिले की शुरुआत हुई। 'मोती लाल नाई अब इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन ग्रामवासियों के सहयोग से भंडारे का सिलसिला जारी है।


जिले के सामाजिक एवं राजीतिक व्यक्ति भी यहां पहुँचकर बाबा का आशीर्वाद लेते रहे हैं। समाजसेवी एवं महाशक्ति फाउंडर के संस्थापक- 'रितेश मिश्र' उर्फ़ 'मोनू' मिश्र, बीजेपी नेता- 'अखिलेश तिवारी', जिला पंचायत सदस्य- 'विजय कुमार पांडेय' उर्फ़ 'बब्बू फाइटर' पूर्व जिला पंचायत सदस्य- 'रामचंद्र मिश्र' एवं पूर्व विधायक- 'चंद्रभद्र सिंह' उर्फ़ 'सोनू सिंह' 'बाबा धाम' पहुंचकर 'अगवानवीर बाबा' के श्री चरणों में अपनी हाज़िरी लगा चुके हैं।


भंडारे से पूर्व 'अगवान बाबा' के पूजन अर्चन कर- 

सर्वे भवन्तु सुखिनः। सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु। मा कश्चित् दुःख भाग्भवेत्॥

के माध्यम से सम्पूर्ण विश्व के मंगल की कामना करते हुए श्रद्धालु 'अगवानवीर बाबा' से प्रार्थना करते हैं कि हे बाबा सभी सुखी होवें, सभी रोगमुक्त रहें, सभी का जीवन मंगलमय बनें और कोई भी दुःख का भागी न बने। ऐसा हमें आशीर्वाद दीजिये।

दिल्ली: अखिल भारतीय संत सनातन सेवा समागम संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मालवीय ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान को सलाम किया और पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की.

श्री  मालवीय ने बोला कि शिक्षक हमारे भविष्य और प्रेरणादायक सपनों को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षक दिवस पर हम उनके अटूट समर्पण और समाज पर उनके प्रभाव के लिए उन्हें सलाम करते हैं।

उन्होने मध्यप्रदेश के जिन 3 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है, उनको बधाई दी उनमें माधव प्रसाद पटेल शिक्षक शासकीय मिडिल स्कूल लिधौरा जिला दमोह और सुश्री सुनीता गोधा शासकीय हाई स्कूल खजुरिया सारंग जिला मंदसौर हैं और डिण्डोरी जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय धामनगांव की शिक्षिका श्रीमती सुनीता गुप्ता को भी राष्ट्रीय स्तर का शिक्षक सम्मान मिला है।

जिले में 14 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत निम्नवत मामलों का निस्तारण विशेष छूट पर किया जाएगा---

1- मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के मामले
2- भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के मामले 
3- विद्युत अधिनियम के मामले 
4- एम. वी. एक्ट व ई-चालान के वाद
5- वैवाहिक मामले 
6- दीवानी मामले 
7- आर्विटेशन के वाद, लघु सामान्य मामले 
8- एन. आई. एक्ट की धारा 138 के मामले 
9- प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण के मामले 
10- विद्युत व टेलिफोनिक बिल सबंधित अन्य  मामलों का निस्तारण किया जाएगा। 
 

मामलों के निस्तारण हेतु संपर्क करें :- 
एडवोकेट- धर्मेंद्र कुमार सिंह(डी के सिंह)
चैम्बर नं. 345, गली नं. 8, सिविल कोर्ट
सूरजपुर (ग्रेनो) गौतम बुद्ध नगर (उ० प्र०) 
संपर्क मोबाइल:- +91 9999054909

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए तीन लुटेरे, एक सिपाही को भी लगी गोली


सुल्तानपुर: सप्ताह भर पहले शहर के व्यस्ततम इलाके ठठेरी बजार में भरत ज्वेलर्स पर हुई लूट की घटना ने जिले समेत पूरे प्रदेश को हिला दिया था। आई0 जी० जहाँ लगातार कैंप करते रहे और ADG जोन भी मौके पर पहुंचे और सुल्तानपुर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीँ दूसरी तरफ घटना का पूरी तरह से राजनीतिकरण भी हुआ विपक्ष ने जम कर मौके को भुनाया और सत्तापक्ष के माननीय भी पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधवाते एवं आश्वाशन देते नजर आये। 

घटना के छः दिन बाद पुलिस ने घटना का खुलासा किया और आज तड़के मुठभेड़ में तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया इस कार्यवाही के दौरान पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने प्रेस वार्ता कर घटना की पूरी जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि कोतवाली नगर के प्रभारी एके द्विवेदी, स्वाट टीम प्रभारी और उपेंद्र प्रताप सिंह थानाध्यक्ष करौदीकलां को आज तड़के तीन संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में सूचना मिली जिसके बाद पुलिस ने अलर्ट होकर चेकिंग शुरू की उसी दौरान एक मोटर साइकिल पर तीन बदमाश सचिन, त्रिभुवन और पुष्पेंद्र लूट के माल और नगदी के साथ आते हुए मिले, पुलिस देखकर लुटेरों ने फायर झोक दिया जिसमे एक पुलिस का सिपाही भी घायल हुआ, पुलिस की जबाबी कार्यवाही में तीनो लुटेरे भी घायल हुए, जिनको अस्पताल इलाज हेतु ले जाया गया। पूछताछ में लुटेरों ने बारह अन्य लोगो के भी इस लूटकांड में शामिल होने की जानकारी दी। वहीँ यह भी पता चला की इस घटना की योजना इनके द्वारा कई हफ़्तों ने बनायीं जा रही थी और मोटरसाइकिल भी चोरी करके लायी गयी थी। पुलिस के खुलासे से पीड़ित व्यापारी भरत सोनी संतुष्ट है।उन्होंने कहा कि जो आंशिक माल पुलिस द्वारा बरामद किया गया है वह उन्हीं का है।पुलिस द्वारा अभी और माल की बरामदगी का आश्वाशन दिया जा रहा है।

दिल्ली: अखिल भारतीय संत सनातन सेवा समागम संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनारायण मालवीय ने आज लघु उद्योग दिवस पर सभी लघु उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में लघु उद्योग क्षेत्र एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’नेशनल स्मॉल इंडस्ट्री डे’ देश भर में उस क्षेत्र के विकास और विकास को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है, जो देश की अर्थव्यवस्था के ग्रॉस इंडस्ट्रियल वैल्यू में 40 फीसदी तक का योगदान देता है उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस’ भारत में लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही देश के युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध करवाने के लिहाज से मनाया जाता है।गौरतलब है कि, किसी भी देश के विकास में लघु उद्योगों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में भारत में राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस लोगों को लघु उद्योग के महत्व को समझाने के लिए सबसे बेहतर विकल्प के रूप में देखा जाता है उन्होंने आगे कहा कि किसी भी देश के विकास में लघु उद्योगों  की अहम भूमिका होती है। लघु उद्योग के बिना कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता।

सुल्तानपुर,लखनऊ।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय स्नातक संघ के प्रदेश प्रभारी योगेश सिंह सेंगर ने  पत्र जारी करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश पाण्डेय की उपस्थिति में प्रदेश विधि संयोजक रहे स्थायी अधिवक्ता भारत सरकार एवं राज्य विधि अधिकारी, उ.प्र. सरकार, के अंकुर देव राय को प्रदेश महामंत्री ,प्रदेश उपाध्यक्ष रहें सुधांशु त्रिपाठी को मीडिया प्रमुख का कार्यभार दिया है। जो अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी रहें हैं।प्रदेश अध्यक्ष हरि ओम शर्मा ने पत्र जारी कर उनको संगठन से जुड़ने का आभार व्यक्त किया है।

इसके अलावा अखिल भारतीय राष्ट्रीय स्नातक संघ ने उत्तर प्रदेश के क्षेत्र व सभी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष का भी मनोनयन किया है।
जिससे संगठन को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। राष्ट्रीय महामंत्री ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र अश्विनी चतुर्वेदी, अयोध्या क्षेत्र डॉक्टर दिव्य दर्शन तिवारी (प्राचार्य)

कानपुर क्षेत्र संतोष तिवारी (अध्यापक),ब्रज क्षेत्र डॉक्टर थान सिंह कुशवाहा,पश्चिम क्षेत्र ओमेंद्र आर्य, बरेली क्षेत्र विमलेंद्र शर्मा को बनाया गया है । प्रदेश मीडिया प्रमुख सुधांशु त्रिपाठी ने सभी साथियों से संगठन को मजबूत बनाने का आवाहन किया।

इस अवसर पर अयोध्या मण्डल के मिडिया प्रभारी संतोष पाण्डेय, अरुण प्रजापति शीतला प्रसाद पाण्डेय, अरविंद मौर्य, अभिषेक पांडे, सुमित पाण्डे,प्रशांत शुक्ला जितेंद्र सक्सेना ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।

ज्योतिष

[ज्योतिष][carousel1 autoplay]

अपना सुलतानपुर

[अपना सुलतानपुर][carousel1 autoplay]

दि अन्नदाता

[दि अन्नदाता][carousel1 autoplay]

टेक्नोलॉजी

[टेक्नोलॉजी][carousel1 autoplay]

देश

[देश][carousel1 autoplay]

प्रदेश

[प्रदेश][carousel1 autoplay]

कारोबार

[कारोबार][carousel1 autoplay]

खेल समाचार

[खेल समाचार][carousel1 autoplay]

MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget